फिल्म एमएस धोनी और स्पेशल 26 जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाले अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत शूटिंग के दौरान अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में फिल्म फौजी की शूटिंग के दौरान उन्हें किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया था। इसके बाद उनकी हालत लगातार खराब होती गई और उन्हें कोलकाता के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, शूटिंग खत्म होने के बाद राजेश शर्मा फिल्म सिटी के एक ऐसे इलाके में मौजूद थे, जहां घनी झाड़ियां और पेड़-पौधे थे। इसी दौरान उन्हें किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य घटना समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन कुछ घंटों बाद उनके दाहिने पैर में तेज दर्द शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि करीब छह घंटे बाद उनकी हालत और बिगड़ने लगी। जब वह कोलकाता लौटने के लिए फ्लाइट में बैठे, तभी उन्हें तेज बुखार आ गया। उन्हें सांस लेने में भी परेशानी होने लगी और पैर में बड़े-बड़े छाले पड़ गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत कोलकाता के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब अभिनेता की सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। परिवार के करीबी लोगों के अनुसार, उनकी हालत पहले से बेहतर है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। राजेश शर्मा के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल अभिनेता अक्षय कुमार ने भी राजेश शर्मा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि शूटिंग के दौरान कीड़े के काटने की खबर सुनकर उन्हें काफी चिंता हुई। उन्होंने भगवान महादेव से राजेश शर्मा के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए लिखा कि वे जल्द ठीक होकर फिर साथ बैठकर हंसी-मजाक करें। इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में भी चिंता बढ़ गई है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने फिल्म सेट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। एसोसिएशन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को पत्र लिखकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह जानने की भी मांग की गई है कि शूटिंग के दौरान स्वास्थ्य और आपातकालीन सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन किया गया था या नहीं। फिलहाल डॉक्टरों की टीम लगातार राजेश शर्मा की निगरानी कर रही है। उनके प्रशंसक और फिल्म जगत के कई कलाकार उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की दुआ कर रहे हैं। Post navigation AI और IT में झारखंड की नई उड़ान, दिल्ली में बड़ा प्लान पेश करेंगे हेमंत सोरेन बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव की मुश्किलें बढ़ीं, हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत