G-6J2VDTQNQL

शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की ओर से बुलाए गए जमशेदपुर बंद का पूरे शहर में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। सुबह से ही शहर के कई प्रमुख बाजार, दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद हैं। बंद के कारण आम लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। सुबह से ही एनडीए के कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों में सड़कों पर उतरे और बंद को सफल बनाने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की। शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानें बंद रहीं, जिससे सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम चहल-पहल दिखाई दी। कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम रही और कई इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा।

जमशेदपुर बंद से बाजारों में सन्नाटा, बढ़ते अपराध पर एनडीए का प्रदर्शन

बंद का असर छोटे व्यापारियों और दैनिक कारोबार पर भी देखने को मिला। बाजार बंद रहने के कारण खरीदारी करने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़  रहा है। वहीं कई निजी संस्थानों और व्यावसायिक गतिविधियों पर भी इसका असर है। एनडीए नेताओं का कहना है कि जमशेदपुर में लगातार बढ़ते अपराध और हाल ही में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। उनका आरोप है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है। इसी के विरोध में यह बंद बुलाया गया, ताकि सरकार और प्रशासन का ध्यान शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की ओर आकर्षित किया जा सके। बंद के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार गश्त करती रही ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। फिलहाल शहर में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बताई जा रही है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है, जबकि बंद के माध्यम से एनडीए ने बढ़ते अपराधों पर सरकार से कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की मांग दोहराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *