झारखंड में दो कुख्यात अपराधियों के बीच सोशल मीडिया पर चल रही जुबानी जंग अब गंभीर रूप लेती दिख रही है। अपराधी राहुल सिंह और प्रिंस खान लगातार एक-दूसरे को खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। दोनों के सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेश सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। माना जा रहा है कि यह विवाद आगे चलकर खूनी गैंगवार का रूप ले सकता है। राहुल सिंह ने दी खुली धमकी, कहा- दुनिया के किसी भी कोने में रहोगे, ढूंढ़कर मारेंगे इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर सीधे प्रिंस खान को चुनौती दी। राहुल ने लिखा कि प्रिंस खान चाहे खुद को कितना भी सुरक्षित क्यों न समझे, वह बच नहीं पाएगा। उसने धमकी देते हुए कहा कि दुनिया के जिस भी कोने में वह रहेगा, वहां पहुंचकर उसे मार दिया जाएगा। राहुल की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा शुरू हो गई और मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया। प्रिंस खान का जवाब, फिर राहुल का नया पोस्ट; पुलिस की बढ़ी चिंता राहुल सिंह की धमकी के बाद प्रिंस खान की ओर से सोशल मीडिया पर एक ऑडियो संदेश जारी किया गया। इसमें उसने राहुल सिंह को चेतावनी दी कि उसकी इस हरकत का जल्द ही करारा जवाब मिलेगा। इसके बाद राहुल सिंह ने एक और आक्रामक पोस्ट साझा किया। उसने लिखा, “जय श्री राम, जय महाकाल, जोहार झारखंड। मोस्ट वेलकम प्रिंस खान, तुम चालू करो, हम खत्म करेंगे। तुमको जो लोग बाप समझते हैं, उन्हें भी अब सच्चाई पता चल जाएगी। अब दोबारा प्रेस रिलीज जारी नहीं करेंगे।” दोनों अपराधियों के बीच बढ़ती बयानबाजी को देखते हुए पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यदि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो यह विवाद हिंसक गैंगवार में बदल सकता है। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पर जारी धमकियों और दोनों गिरोहों की गतिविधियों की जांच कर रही है। Post navigation झारखंड राज्य सूचना आयोग को मिले चार नए सूचना आयुक्त, राज्यपाल ने दिलाई शपथ बिगड़ी कानून व्यवस्था के लिए सरकार जिम्मेदार – बाबूलाल मरांडी