झारखंड से राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद नव निर्वाचित सांसद बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बैद्यनाथ राम संसद के उच्च सदन राज्यसभा में झारखंड की जनता की भावनाओं, उम्मीदों और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। मुख्यमंत्री ने जताया भरोसा, बैद्यनाथ राम राज्यसभा में उठाएंगे गरीब, किसान और वंचितों के मुद्दे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्यसभा में झारखंड की आवाज को प्रभावी ढंग से रखने की बड़ी जिम्मेदारी अब बैद्यनाथ राम के कंधों पर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वे राज्य के हितों, गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाएंगे। इस मौके पर बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड के विकास और यहां के लोगों की समस्याओं को राज्यसभा में मजबूती से उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक मथुरा प्रसाद महतो और विधायक उमाकांत रजक भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने बैद्यनाथ राम को जीत की बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। चौथी बार राज्यसभा पहुंचे परिमल नाथवानी, समर्थकों और विधायकों का जताया आभार वहीं दूसरी ओर, राज्यसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाले सांसद परिमल नाथवानी ने भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए सभी समर्थकों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। नाथवानी ने कहा कि चौथी बार राज्यसभा सदस्य के रूप में सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि झारखंड से यह उनका तीसरा राज्यसभा कार्यकाल होगा। अपनी संसदीय यात्रा को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में उनकी राजनीतिक और संसदीय यात्रा झारखंड से ही शुरू हुई थी। उन्होंने झारखंड को अपनी “कर्मभूमि” बताते हुए कहा कि इस राज्य ने उन्हें हमेशा सम्मान और सहयोग दिया है। परिमल नाथवानी ने अपनी जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के विश्वास और समर्थन की वजह से उन्हें एक बार फिर यह जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला है। नाथवानी ने झारखंड विधानसभा के उन सभी विधायकों का भी आभार जताया जिन्होंने चुनाव में उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों के विश्वास और सहयोग के लिए वे दिल से कृतज्ञ हैं और राज्य के विकास के लिए पहले की तरह पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे। राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद झारखंड की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। एक ओर बैद्यनाथ राम को मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ गठबंधन का समर्थन मिला है, वहीं दूसरी ओर परिमल नाथवानी की जीत ने विपक्षी खेमे में उत्साह बढ़ाया है। अब दोनों नव निर्वाचित सांसदों से राज्य की जनता को काफी उम्मीदें हैं कि वे संसद में झारखंड के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। Post navigation झारखंड की राजनीति में नया मोड़, नाथवानी की वापसी और बैजनाथ का उदय