G-6J2VDTQNQL

राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी के साथ गुरुवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, पेट्रोल बम हमले के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपी को पुलिस ने पूछताछ के बाद हाजत में रखा था। इसी दौरान आरोपी किसी तरह पुलिस हिरासत से फरार हो गया। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मांडर इलाके की ओर भागा है। इसके बाद पुलिस टीम उसका पीछा करते हुए वहां पहुंची। पुलिस के अनुसार, जब जवानों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

मंगलवार रात आरएसएस कार्यालय पर हुआ था हमला

गौरतलब है कि मंगलवार देर रात रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश की गई थी। बताया गया था कि दो युवक बाइक से वहां पहुंचे थे और कार्यालय परिसर की ओर जलती हुई पेट्रोल बम जैसी बोतल फेंककर फरार हो गए थे। हालांकि इस घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने मामले की जांच के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय खुफिया तंत्र को भी अलर्ट कर दिया गया था। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिनकी पहचान के बाद लगातार छापेमारी की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रांची से बाहर भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार कर लिया था।

पूरे मामले की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के पीछे आरोपियों का मकसद क्या था और क्या इस घटना में अन्य लोग भी शामिल हैं। घायल आरोपी से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इस मामले से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद आरएसएस कार्यालय और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। वहीं, पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने की घटना को भी गंभीरता से लिया जा रहा है और इसकी अलग से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *