G-6J2VDTQNQL

वाराणसी से रांची आ रही एक यात्री बस बिहार के औरंगाबाद जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक फार्मा कंपनी के कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि 22 यात्री घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, रेखा बस मंगलवार रात वाराणसी से रांची के लिए रवाना हुई थी। बस में कई यात्री सवार थे, जो अलग-अलग कामों से रांची आ रहे थे। मंगलवार की अहले सुबह करीब दो बजे बस बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र स्थित पहारचापी मोड़ के पास पहुंची। इसी दौरान बस चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और बस सड़क निर्माण कार्य में लगे एक डंपर से पीछे से जा टकराई।

डंपर से भिड़ी रांची आ रही बस, फार्मा कर्मी की मौत – 22 यात्री घायल, हाईवे पर मची अफरा-तफरी

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों में फंस गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के राजा तालाब निवासी 35 वर्षीय बाबू विवेक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। विवेक सिंह एक फार्मा कंपनी में कार्यरत थे और अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ कंपनी के काम से रांची जा रहे थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर तथा सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया। घायलों में वाराणसी निवासी मनेश गुप्ता, संजय राम, मनिकेश सिंह, अमन मिश्रा, दुलारी देवी समेत कई अन्य यात्री शामिल हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक विवेक सिंह के सहयोगी आशु पटेल ने बताया कि घटना की सूचना उनके परिवार वालों को दे दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल है। मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क पर यातायात सामान्य कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *