प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की मौजूदा संख्या में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जा सकेगी। सीटों की यह संशोधित अधिकतम सीमा वर्ष 2050 तक लागू रहेगी। सरकार के इस फैसले को देश की संसदीय व्यवस्था में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। केंद्रीय कैबिनेट का यह फैसला 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले आया है। इस विशेष सत्र में सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक में संशोधन पेश कर सकती है। माना जा रहा है कि लोकसभा सीटों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर उठ रही चिंताओं को दूर करने की दिशा में अहम कदम है। दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं को दूर करने की कोशिश लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर खास तौर पर दक्षिण भारत के राज्यों में चिंता जताई जा रही थी। आशंका थी कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का नए सिरे से निर्धारण होने पर अधिक जनसंख्या वाले राज्यों की लोकसभा में हिस्सेदारी बढ़ सकती है, जबकि दक्षिण भारत के राज्यों का प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।सरकार के नए प्रस्ताव को इन चिंताओं का समाधान निकालने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना है। इससे राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व के अनुपात को बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे पहले भी ऐसी खबरें सामने आई थीं कि सरकार 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों की मौजूदा अंतर-राज्यीय हिस्सेदारी को बरकरार रखते हुए सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी करने के विकल्प पर विचार कर रही है। महिला आरक्षण कानून में संशोधन की तैयारी केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े कानून में भी बदलाव करने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित संशोधनों का उद्देश्य महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है। इससे पहले सरकार ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के जरिए महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, अप्रैल में यह विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका। उस विधेयक में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव भी शामिल था। अब सरकार नए संशोधनों के जरिए इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। 30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। पहले दिन लोकसभा की कार्यवाही होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होने की संभावना है। सरकारी कामकाज और विधायी एजेंडे के अनुसार विशेष सत्र 3 दिसंबर तक चल सकता है। इस सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर सरकार की आगे की रणनीति महत्वपूर्ण होगी। लोकसभा सीटों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब सबकी नजर संसद में पेश किए जाने वाले विधेयकों और उन पर होने वाली चर्चा पर टिकी है। Post navigation छठ पर घर पहुंचने की ऐसी जिद! ट्रेन का टिकट नहीं मिला तो मुंबई से टेंपो लेकर 2200 किमी चल पड़े तीन दोस्त