G-6J2VDTQNQL

बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। शेरपुर गंगा नदी इलाके में हुई इस मुठभेड़ में तीन अपराधी मारे गए, जबकि मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी घायल हो गए। उनके हाथ को छूते हुए एक गोली निकल गई। घायल थानाध्यक्ष को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मारे गए तीनों अपराधियों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे हत्या समेत कई गंभीर मामलों में वांछित थे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे पटना एसटीएफ और जिला पुलिस बल की टीम शेरपुर गंगा नदी इलाके में अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन अपराधी इलाके में पहुंचे हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार की बांह को छूते हुए एक गोली निकल गई, जिससे वे घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, अपराधियों की ओर से करीब 24 राउंड गोलियां चलाई गईं, जबकि पुलिस की टीम ने जवाबी कार्रवाई में 18 राउंड फायरिंग की। दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी होती रही। जब गोलियों की आवाज बंद हुई तो पुलिस की टीम सावधानीपूर्वक घटनास्थल की ओर बढ़ी। वहां तीन लोग घायल अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों से मुठभेड़ के संबंध में पूछताछ की। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खोखे बरामद किए हैं। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मारे गए तीनों अपराधियों का संबंध मनेर के व्यापुर पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या से था। दानापुर-2 के एसडीपीओ एके झा ने बताया कि इस हत्याकांड में बबलू कुमार और सूरज कुमार ने शूटर की भूमिका निभाई थी, जबकि जेपी यादव हत्या की साजिश रचने में मुख्य भूमिका में था। पुलिस का कहना है कि तीनों अपराधी कई थानों के मामलों में वांछित थे। हाल के दिनों में मनेर में हुई एक हत्या की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस अब उनके अन्य आपराधिक मामलों और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मुठभेड़ के बाद शेरपुर गंगा नदी इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। घटनास्थल से बरामद हथियारों और खोखों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि तीनों अपराधी किस उद्देश्य से शेरपुर पहुंचे थे और उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था या नहीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *