लोअर बाजार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा, आईफोन, रेडमी मोबाइल, ब्रेसलेट और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद राजधानी के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में चाकू का डर दिखाकर एक युवक से मोबाइल फोन, चांदी का ब्रेसलेट और नकदी छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से छिनतई किए गए दोनों मोबाइल फोन, ब्रेसलेट और वारदात में इस्तेमाल किया गया स्टील का चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहमद तलहा उर्फ चरका (24) और साहिर खान उर्फ बाबू चरका (22) के रूप में हुई है। दोनों लोअर बाजार थाना क्षेत्र के नाजिर अली लेन के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में टाटी बस्ती, टाटीसिल्वे निवासी अमित कुमार (18) ने 22 अक्टूबर 2026 को लोअर बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि अज्ञात अपराधियों ने चाकू का भय दिखाकर उससे एक चांदी का ब्रेसलेट, दो मोबाइल फोन और 12 हजार रुपये छीन लिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की हुई पहचान मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने जांच तेज की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों और संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने गुप्त सूचना देने वालों की भी मदद ली। जांच के दौरान पुलिस को अहमद तलहा उर्फ चरका और साहिर खान उर्फ बाबू चरका के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने इस छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने छिनतई किए गए दो मोबाइल फोन और ब्रेसलेट के साथ वारदात में इस्तेमाल किया गया स्टील का चाकू बरामद किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अहमद तलहा उर्फ चरका के खिलाफ पहले भी कोतवाली थाने में वर्ष 2016 में छिनतई और चोरी का सामान रखने से संबंधित मामला दर्ज है। चोरी के मामले का वारंटी भी गिरफ्तार वहीं, दूसरी ओर लोअर बाजार पुलिस ने 27 और 28 अक्टूबर को फरार आरोपियों तथा विभिन्न मामलों में जारी वारंट के आधार पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने चोरी के एक पुराने मामले में वांछित वारंटी मोहम्मद मुस्तफा उर्फ मिस्टर (32) को गिरफ्तार किया। मुस्तफा लोअर बाजार थाना क्षेत्र के गुदड़ी चौक, डोमटोली के कुरैशी मोहल्ले का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ जीआर नंबर 367/2023 और लोअर बाजार थाना कांड संख्या 248/2022 में वारंट जारी था। यह मामला चोरी और चोरी के सामान से संबंधित धाराओं में दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। लोअर बाजार पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों में छिनतई के दो आरोपियों और चोरी के मामले में एक वारंटी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है। Post navigation किराये की लग्जरी गाड़ियों से करोड़ों की ठगी का खेल, महिला समेत तीन गिरफ्तार