उत्तराखंड में शुक्रवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा होने की सूचना से हड़कंप मच गया। बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर रास्ते में लापता हो गया। कुछ देर बाद जोशीमठ के चाई गांव के पास हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की सूचना मिली। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। बदरीनाथ और ज्योतिर्मठ के बीच अचानक उसका संपर्क टूट गया। आशंका है कि हेलीकॉप्टर पहाड़ी इलाके में किसी चट्टान से टकराकर नीचे गिर गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं। जंगल में आग की सूचना के बाद शुरू हुई तलाश आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी वस्तु में आग लगने की सूचना मिली है। इसके बाद दूसरे हेलीकॉप्टरों को घटनास्थल की रेकी के लिए भेजा गया। एसडीआरएफ की टीम भी पहाड़ी पर चढ़कर घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन के अनुसार, पायलट से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। मुख्यमंत्री धामी खुद कर रहे निगरानी हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मिलकर राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल पहुंचाया जाए। साथ ही उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों के सुरक्षित होने की कामना की है। 1 बजकर 12 मिनट पर उड़ा था हेलीकॉप्टर, फिर टूटा संपर्क जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को खराब मौसम के बावजूद बदरीनाथ से देहरादून के लिए हेलीकॉप्टरों की उड़ान जारी थी। दोपहर 1 बजकर 5 मिनट पर एक हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और सुरक्षित देहरादून पहुंच गया। इसके बाद 1 बजकर 12 मिनट पर दूसरे हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, लेकिन वह देहरादून नहीं पहुंचा और उससे संपर्क टूट गया। दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर एक अन्य हेलीकॉप्टर ने भी बदरीनाथ से उड़ान भरी और सुरक्षित देहरादून पहुंच गया। इसके बाद 1 बजकर 12 मिनट पर उड़ान भरने वाले हेलीकॉप्टर के लापता होने की जानकारी सामने आई। हैरानी की बात यह है कि इसके बाद भी दोपहर 2 बजकर 10 मिनट, 2 बजकर 15 मिनट और 2 बजकर 22 मिनट पर हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी। बताया गया कि दिनभर में करीब 12 चार्टर हेलीकॉप्टरों ने देहरादून के लिए उड़ान भरी थी। पायलट समेत पांच यात्री थे सवार हेलीकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु पायलट के रूप में मौजूद थे। उनके अलावा पांच यात्री भी सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रथापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एसएस नटराजा के रूप में बताई गई है। फिलहाल बचाव दलों की प्राथमिकता घटनास्थल तक पहुंचकर हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों की स्थिति का पता लगाना है। पहाड़ी और दुर्गम इलाका होने के कारण राहत कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। Post navigation चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ हुआ बेहद शक्तिशाली, 125 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं; 60 से ज्यादा ट्रेनें रद्द