दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस ने शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी संख्या में पुलिस जवानों के साथ सड़कों पर उतरे। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश नहीं करने का संदेश दिया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों ने किया। इसमें एसडीएम, एडीएम, सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, ग्रामीण एसपी, एएसपी कोतवाली और सिटी डीएसपी सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। इनके साथ बड़ी संख्या में पुलिस जवान, क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) और मोटरसाइकिल सवार पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस का यह फ्लैग मार्च अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड और शहर के अन्य प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इन इलाकों में आम दिनों के साथ-साथ त्योहार के दौरान भी काफी भीड़ रहती है। ऐसे में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अपनी सक्रियता दिखाई। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख स्थानों की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा से जुड़े जरूरी पहलुओं पर ध्यान दिया। संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष नजर, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने और त्योहार को मिल-जुलकर मनाने की अपील की। पुलिस का उद्देश्य है कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की स्थिति पैदा न हो और श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा पंडालों तक पहुंच सकें। दुर्गा पूजा के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। प्रमुख मार्गों पर लगातार गश्त की जाएगी, जबकि जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय रखा जाएगा। प्रमुख पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बड़े पंडालों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए शक्ति कमांडो तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा आग से बचाव के लिए अग्निशमन यंत्र, पानी और बालू की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। Post navigation दुर्गा पूजा को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण