G-6J2VDTQNQL

मुंबई के बोरीवली वेस्ट स्थित राधाकृष्ण होटल में मसाला डोसा में चूहा मिलने के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। पहले खाने में चूहा मिलने की शिकायत के बाद होटल के खिलाफ कार्रवाई हुई थी और महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने होटल का लाइसेंस निलंबित कर दिया था। अब इसी मामले में पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं पर आरोप है कि वे ग्राहक की ओर से होटल प्रबंधन से 25 लाख रुपये की मांग कर रही थीं। शिकायत में इसे मामले के ‘पूर्ण और अंतिम निपटारे’ के तौर पर मांगी गई रकम बताया गया है। इस संबंध में 5 अक्टूबर को बोरीवली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दरअसल, कुछ समय पहले ग्राहक अमित त्रिवेदी ने आरोप लगाया था कि उन्होंने राधाकृष्ण होटल में मैसूर मसाला डोसा ऑर्डर किया था। डोसा खाने के दौरान उन्हें उसमें एक छोटा चूहा दिखाई दिया। उनका दावा था कि डोसे के कुछ निवाले खाने के बाद उन्हें कई बार उल्टी हुई। मामला सामने आने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने होटल का निरीक्षण किया और होटल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया था। इसके बाद मामले में नया विवाद तब सामने आया, जब पुलिस के पास होटल से 25 लाख रुपये की कथित मांग किए जाने की शिकायत पहुंची। जानकारी के मुताबिक, जिस ग्राहक की प्लेट में कथित तौर पर चूहा मिला था, उससे जुड़े मामले में दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अब कथित तौर पर की गई रकम की मांग, निपटारे से जुड़े दस्तावेज और दोनों महिलाओं की भूमिका की जांच कर रही है। वहीं, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि डोसे में चूहा मिलने का दावा वास्तव में सही था या नहीं। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चूहा खाने में रेस्टोरेंट की लापरवाही के कारण पहुंचा था या उसे कथित तौर पर ग्राहक की ओर से वहां रखा गया था। फिलहाल पुलिस दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि डोसे में चूहा मिलने की घटना कैसे हुई और 25 लाख रुपये की कथित मांग के पीछे वास्तविक मामला क्या था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *