गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित राजनगर रेजीडेंसी सोसायटी में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 12वीं मंजिल से गिरकर 14 वर्षीय छात्रा प्राची राजपूत की मौत हो गई। प्राची डीडीपीएस स्कूल, संजयनगर में कक्षा नौ की छात्रा थी। घटना के दो दिन पहले ही वह महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित सीबीएसई नेशनल रोप स्कीपिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपने घर लौटी थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार, स्कूल और सोसायटी के लोगों में शोक का माहौल है। बताया गया कि राजनगर रेजीडेंसी के जी टावर की 12वीं मंजिल पर सुरेश चंद अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। शुक्रवार रात घर में उनकी पत्नी, बेटी प्राची, छोटी बेटी और सास-ससुर मौजूद थे। रात करीब नौ बजे प्राची बालकनी में कपड़े उतारने के लिए गई थी। इसी दौरान वह बालकनी से नीचे गिर गई। प्राची के नीचे गिरते ही तेज आवाज हुई, जिससे सोसायटी के लोगों को घटना की जानकारी हुई। परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में प्राची को संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों से भी जानकारी ली। शुरुआती जांच में छात्रा की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि प्राची की मौत हादसे में हुई या उसने आत्महत्या की। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। दो दिन पहले जीता था गोल्ड मेडल प्राची पढ़ाई के साथ-साथ खेल और संगीत में भी काफी सक्रिय थी। डीडीपीएस के हेड ऑफ स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट चिराग चौधरी के अनुसार, प्राची ने महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित सीबीएसई नेशनल रोप स्कीपिंग प्रतियोगिता में दो स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीता था। उसने डबल डच पेयर फ्री स्टाइल और डबल डच सिंगल फ्री स्टाइल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया था। प्राची ने पिछले वर्ष भी नेशनल रोप स्कीपिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था। लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने के बाद परिवार काफी खुश था। स्कूल में भी उसकी खेल प्रतिभा को लेकर शिक्षक और साथी छात्र गर्व महसूस कर रहे थे। परिजनों और स्कूल के लिए यह घटना इसलिए भी बेहद दुखद है क्योंकि कुछ दिन पहले तक प्राची राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीत हासिल कर खुशी-खुशी घर लौटी थी। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किन परिस्थितियों में छात्रा 12वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिरी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। Post navigation मुश्ताख खान का निधन, ‘वेलकम’ के आइकॉनिक डायलॉग से मिली थी खास पहचान; राजपाल यादव ने सुनाया आखिरी मुलाकात का किस्सा