G-6J2VDTQNQL

बिहार के समस्तीपुर में एक लड़की के साथ कथित छेड़खानी और बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। मामला कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर स्थित बांध बाइपास रोड का बताया जा रहा है। आरोप है कि सुनसान सड़क पर कुछ स्थानीय युवकों ने एक लड़के के साथ जा रही लड़की को रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की।

बताया जा रहा है कि लड़की एक युवक के साथ जा रही थी। रास्ते में दोनों कुछ देर के लिए रुके और लड़की फोटो ले रही थी। इसी दौरान आसपास के कुछ युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने लड़की को रोककर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान उसका हाथ मरोड़ने और गलत तरीके से छूने का भी आरोप लगाया जा रहा है। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि घटना में शामिल युवक जगतसिंहपुर गांव के ही रहने वाले हैं। वीडियो वायरल होने के बाद समस्तीपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। मीडिया से बातचीत में समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले को संवेदनशील बताया। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान करने और पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय वहां कितने लोग मौजूद थे और वीडियो किसने बनाया तथा उसे सोशल मीडिया पर किस तरह फैलाया गया। घटना के वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो को बिना सत्यापन के आगे शेयर न करें। साथ ही, अगर किसी व्यक्ति के पास घटना से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी है तो वह पुलिस को उपलब्ध कराए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *