G-6J2VDTQNQL

सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हुआ कुख्यात अपराधी फेकन कुमार आखिरकार करीब दो महीने बाद पुलिस के हाथ लग गया। एसटीएफ की विशेष टीम ने सोमवार की देर रात गाढ़ा थाना क्षेत्र के गाढ़ा गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। फेकन कुमार पर कई आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को वह सदर अस्पताल परिसर में बने कैदी वार्ड से फरार हो गया था। उस समय वह पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती था।

पुलिस अभिरक्षा में इलाज करा रहे फेकन कुमार ने अस्पताल के शौचालय का वेंटिलेटर तोड़ दिया था। इसके बाद वह उसी रास्ते से बाहर निकलकर फरार हो गया। उस समय उसकी सुरक्षा में एक हवलदार, दो गृहरक्षक और दो सैप जवान तैनात थे सुरक्षा में पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद अपराधी के फरार होने की घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। इसके बाद उसकी तलाश में जिले के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी पुलिस की टीमों को लगाया गया था। फरार होने के बाद फेकन कुमार लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस और एसटीएफ की टीमें उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। इसी दौरान एसटीएफ को उसके गाढ़ा गांव में छिपे होने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर टीम ने सोमवार की देर रात वहां छापेमारी की और फेकन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली। अब उससे पूछताछ कर उसके फरारी के दौरान किन लोगों ने मदद की और वह कहां-कहां छिपा रहा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *