गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को दिनदहाड़े बड़ी लूट की घटना सामने आई। बैंक खुलते ही करीब पांच हथियारबंद अपराधी अंदर घुस गए और बैंक के कर्मचारियों को अपने कब्जे में लेकर बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक में रखी बड़ी रकम और सोने के जेवरात लूट लिए। बैंक खुलते ही घुसे हथियारबंद अपराधी, कर्मचारियों को बंधक बनाया और लाखों का कैश-सोना लूटकर भागे बताया जा रहा है कि अपराधियों ने बैंक से करीब 50 लाख रुपये नकद लूटे। इसके अलावा बैंक में रखे भारी मात्रा में सोने के जेवरात भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद अपराधी बैंक से बाहर निकले और पैदल ही मौके से फरार हो गए। अपराधियों के बैंक में घुसते ही कर्मचारियों के बीच दहशत फैल गई। हथियारों के बल पर कर्मचारियों को बंधक बनाए जाने के कारण वे विरोध नहीं कर सके। अपराधियों ने बैंक में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से निकलने में सफलता हासिल कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैंक परिसर का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली। आसपास के इलाके में भी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब बैंक और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है। दिनदहाड़े बैंक में हुई इस बड़ी लूट की घटना के बाद गोलमुरी इलाके में भी हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लूट की गई रकम व सोने के जेवरात की वास्तविक मात्रा का आकलन किया जा रहा है। Post navigation जमशेदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की मौत