G-6J2VDTQNQL

टेल्को थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टेल्को स्टेडियम से भुवनेश्वरी मंदिर रोड की ओर जाने वाली सड़क पर एन-111 के पास चिन्मया विद्यालय के बच्चों को लेकर जा रही टाटा विंगर स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वैन में सवार करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चालक और दो बच्चों की हालत गंभीर है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल वैन स्टेडियम की ओर से चिन्मया विद्यालय के बच्चों को छोड़ने के लिए जा रही थी। इसी दौरान अचानक वैन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वैन सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई और उससे जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन का चैम्बर भी फट गया। दुर्घटना के दौरान जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग घबरा गए और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद वैन के अंदर फंसे बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के फ्लैटों और घरों में रहने वाले लोग तुरंत बाहर निकल आए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए दुर्घटनाग्रस्त वैन से बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। घायल बच्चों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मौके पर मौजूद एक स्थानीय निवासी के अनुसार, दुर्घटना की वजह एक कार को बचाने का प्रयास हो सकता है। उनका कहना है कि चिन्मया स्कूल की दिशा से आ रही एक कार अचानक स्कूल वैन के बेहद करीब आ गई थी। कार वैन के काफी नजदीक से निकल गई। बताया गया कि कार की गतिविधि पर ध्यान देने और पीछे मुड़कर देखने के दौरान वैन चालक का ध्यान कुछ समय के लिए सड़क से हट गया। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वैन सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हालांकि, यह दुर्घटना का संभावित कारण बताया जा रहा है। हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। क्षतिग्रस्त स्कूल वैन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। फिलहाल घायल बच्चों का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *