G-6J2VDTQNQL

झारखंड आंदोलनकारियों के बकाया सम्मान पेंशन और एरियर राशि के भुगतान को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बकाया राशि का भुगतान दशहरा पूजा से पहले कराने की मांग को लेकर गृह विभाग के अपर सचिव अनिल कुमार तिर्की से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलनकारियों की लंबे समय से लंबित सम्मान पेंशन और एरियर राशि का भुगतान जल्द कराने का आग्रह किया। इस पर गृह विभाग के अपर सचिव अनिल कुमार तिर्की ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के अंदर झारखंड आंदोलनकारियों की सम्मान पेंशन और एरियर राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सम्मान पेंशन और एरियर राशि के आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

अपर सचिव ने कहा कि दशहरा पूजा से पहले सभी पात्र झारखंड आंदोलनकारियों को बकाया सम्मान पेंशन और एरियर राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिलों को भी जल्द सूचना भेज दी जाएगी, ताकि भुगतान की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने आंदोलनकारियों से अपने बैंक खातों को अपडेट रखने की अपील भी की, ताकि राशि भेजने में कोई तकनीकी समस्या नहीं आए। प्रतिनिधिमंडल में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक पुष्कर महतो, झारखंड आंदोलन के पुरोधा एवं पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, शिबू काली माई, नासिर खान और हराधन प्रमाणिक सहित कई आंदोलनकारी नेता शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार की ओर से भुगतान को लेकर दिए गए आश्वासन पर उम्मीद जताई कि आंदोलनकारियों को जल्द उनका बकाया सम्मान पेंशन और एरियर मिल सकेगा। आंदोलनकारियों का कहना है कि सम्मान पेंशन और एरियर राशि उनके लिए आर्थिक सहायता के साथ-साथ झारखंड राज्य के निर्माण के लिए किए गए उनके संघर्ष और योगदान का सम्मान भी है। ऐसे में बकाया राशि का समय पर भुगतान जरूरी है। अब आंदोलनकारियों की नजर सरकार की ओर से किए गए वादे के मुताबिक एक सप्ताह के भीतर होने वाले भुगतान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *