G-6J2VDTQNQL

JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और धांधली के खिलाफ मंगलवार को भाजपा ने रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा रांची महानगर, रांची पूर्वी और रांची पश्चिमी जिला के संयुक्त नेतृत्व में रांची उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया। घेराव कार्यक्रम की शुरुआत जिला स्कूल मैदान से हुई। यहां से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, छात्र, युवा और समर्थक जुलूस की शक्ल में डीसी कार्यालय की ओर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य के साथ न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की।

भाजपा ने सरकार के सामने मुख्य रूप से तीन मांगें रखीं। पार्टी ने कहा कि JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं में कथित धांधली की CBI से जांच कराई जाए। परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले लोगों को गिरफ्तार किया जाए और शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों युवाओं का भविष्य इन परीक्षाओं से जुड़ा हुआ है। इसलिए परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

घेराव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार पर छात्रों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र लंबे समय से परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। साहू ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज सुनने के बजाय आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों पर FIR दर्ज करना सही नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा में गड़बड़ी के पीछे शामिल बड़े लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है, जबकि छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई दिखाकर सरकार मामले को खत्म करने की कोशिश कर रही है। आदित्य साहू ने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए पूरे मामले की CBI जांच जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती से जुड़ी संस्थाओं की व्यवस्था को कमाई का साधन बना दिया गया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर जल्द CBI जांच नहीं कराई गई, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और कथित धांधली में शामिल बड़े आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन करेगी।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुशासन की बुनियादी जरूरत है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि झारखंड के युवा कई वर्षों तक मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में अगर परीक्षा व्यवस्था पर ही सवाल खड़े हो जाएं और अपनी बात रखने वाले छात्रों पर मुकदमे दर्ज हों, तो यह युवाओं के साथ अन्याय है। वहीं हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि JPSC, JSSC और CGL जैसी परीक्षाएं लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। भाजपा युवाओं की इस लड़ाई को सड़क से सदन तक उठाएगी। रांची की मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि छात्र और युवा झारखंड की ताकत हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर मुकदमा दर्ज करने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के हित में उचित कार्रवाई की मांग की।

घेराव कार्यक्रम में रांची के उप महापौर नीरज कुमार, प्रदेश मंत्री अमित कुमार, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष विनय महतो ‘धीरज’, रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारत यादव, सीमा सिंह, मनोज महतो बाजपेयी, सन्नी टोप्पो, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, समरी लाल, गंगोत्री कुजूर, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, सत्यनारायण सिंह, केके गुप्ता, सुबोध सिंह गुड्डू, संदीप वर्मा, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, मनोज चौधरी, सुधाकर चौबे, रमेश सिंह, ललित ओझा, कमलेश राम, राजू सिंह, बीणा मिश्रा, नीरज चौधरी, संकेत तिवारी और शत्रुधन साहू समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *