G-6J2VDTQNQL

गोवा से दिल्ली जा रहे इंडिगो के एक विमान में मंगलवार सुबह उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंजन में खराबी आ गई। तकनीकी समस्या की जानकारी मिलते ही पायलट ने विमान को वापस गोवा लाने का फैसला किया। इसके बाद विमान को मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में सुरक्षित उतारा गया। विमान में उस समय 229 यात्री सवार थे। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों को अब दूसरे विमान से दिल्ली भेजने की तैयारी की गई।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद पायलट को विमान के एक इंजन में खराबी का पता चला। पायलट ने तुरंत इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी। इसके बाद विमान को आगे दिल्ली ले जाने के बजाय वापस गोवा लाने का निर्णय लिया गया। स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट पर इमरजेंसी की तैयारी शुरू कर दी गई। विमान को सुरक्षित उतारने के लिए रनवे और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं तैयार रखी गईं।

इंजन में खराबी की सूचना मिलने के बाद विमान को वापस गोवा की ओर मोड़ दिया गया। करीब 15 मिनट के भीतर विमान को फुल इमरजेंसी घोषित करते हुए लैंडिंग कराई गई।विमान सुबह करीब 9:51 बजे रनवे 28 पर सुरक्षित उतर गया। इसके बाद विमान को स्टैंड नंबर 6 पर ले जाकर पार्क किया गया।विमान के सुरक्षित रूप से पार्क होने के बाद करीब 10:03 बजे फुल इमरजेंसी खत्म कर दी गई। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान में सवार सभी 229 यात्री सुरक्षित हैं। इंजन में किस वजह से तकनीकी खराबी आई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। विमान की तकनीकी जांच की जाएगी, जिसके बाद खराबी के कारण का पता चल सकेगा। विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के कारण यात्रियों की दिल्ली यात्रा प्रभावित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *