G-6J2VDTQNQL

महाराष्ट्र के अमरावती में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में अचानक आग लग गई। इस हादसे में तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में लगी। हादसा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, NICU में अचानक तेज धमाका हुआ और इसके बाद आग फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, NICU में लगे एक वेंटिलेटर में अचानक विस्फोट हुआ। इसके बाद वहां आग लग गई और देखते ही देखते धुआं फैलने लगा। उस समय NICU में कई नवजात बच्चे भर्ती थे। आग लगने की खबर मिलते ही अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद अस्पताल के डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ तुरंत हरकत में आए। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना NICU में मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। अस्पताल के कर्मचारियों ने कई नवजात बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया। इस वजह से एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद मिली। हालांकि, इस घटना में तीन नवजात शिशुओं की जान नहीं बचाई जा सकी। उनकी मौत के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य बच्चों के परिजनों में भी डर और चिंता का माहौल है।

आग लगने की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती तौर पर वेंटिलेटर में धमाके की बात सामने आ रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि वेंटिलेटर में किस वजह से विस्फोट हुआ और आग इतनी तेजी से कैसे फैली। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और मेडिकल उपकरणों की जांच को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना की विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह सामने आ पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *