G-6J2VDTQNQL

धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र से शुक्रवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई है। कार्मिक नगर स्थित मोती नगर में प्रसिद्ध कोयला कारोबारी दीपक शर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल दीपक शर्मा को इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली उनके गले के निचले हिस्से में फंसी हुई है। अधिक खून बह जाने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और आगे के इलाज की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब चार बजे दीपक शर्मा के घर के अंदर हुई। घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी मंजीत कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह संभावना भी जताई जा रही है कि गोली गलती से चली हो या किसी अन्य कारण से यह घटना हुई हो। हालांकि, घटना की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दीपक शर्मा फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। वहीं, घटना से सदमे में आए परिजनों से भी अभी विस्तृत पूछताछ नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद कोयलांचल क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग घटना के कारणों को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। फिलहाल सभी की नजर पुलिस जांच और दीपक शर्मा की स्वास्थ्य स्थिति पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *