G-6J2VDTQNQL

रांची में वीआईपी सुरक्षा के लिए की गई बैरिकेडिंग अब आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। पिछले चार दिनों से शहर के कई प्रमुख स्थानों पर सड़कें बंद किए जाने के कारण ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। एलपीएन शाहदेव चौक, राम मंदिर चौक और जाकिर हुसैन पार्क के पीछे की सड़कों पर बैरिकेडिंग के कारण वाहनों का दबाव दूसरे रास्तों पर बढ़ गया है। इसका असर शहर के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी कांके रोड, रातू रोड, कचहरी चौक और मोरहाबादी की ओर आने-जाने वाले लोगों को हो रही है। सामान्य दिनों में 5 से 10 मिनट में पूरी होने वाली दूरी तय करने में लोगों को 30 से 40 मिनट तक लग रहे हैं। बुधवार को भी स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, अस्पताल जाने वाले मरीज और उनके परिजन, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी तथा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जाने वाले यात्री जाम में फंसे रहे। सड़कों की बैरिकेडिंग के कारण एक रास्ते का ट्रैफिक दूसरे रास्ते पर डायवर्ट हो रहा है। इससे धीरे-धीरे पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई जगहों पर एंबुलेंस भी जाम में फंसी। ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें रास्ता दिलाया।

राम मंदिर चौक के पास बैरिकेडिंग कर कांके से रातू रोड की ओर जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया है। अब वाहनों को सिद्धो-कान्हू पार्क की ओर से होकर जाना पड़ रहा है। इसके कारण रांची विश्वविद्यालय और चिल्ड्रेन पार्क की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। आम दिनों में राम मंदिर चौक से रातू रोड तक पहुंचने में करीब पांच मिनट लगते हैं, लेकिन बैरिकेडिंग के कारण यही दूरी तय करने में अब 30 से 40 मिनट तक लग रहे हैं। एलपीएन शाहदेव चौक के आसपास भी कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है। सूचना भवन, कोबरा सुविधा केंद्र, राम मंदिर और जज कॉलोनी के पास रास्ते बंद किए गए हैं। इसके कारण किशोरी यादव चौक और जाकिर हुसैन पार्क के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि पहले से पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण परेशानी और बढ़ रही है। करीब 10 मिनट में पूरी होने वाली दूरी तय करने में 30 मिनट तक लग रहे हैं। जाकिर हुसैन पार्क के पीछे भी बैरिकेडिंग कर दो रास्तों में से एक को बंद कर दिया गया है। अब वाहनों की आवाजाही पार्क के सामने वाले रास्ते से ही हो रही है। रातू रोड फ्लाईओवर, कचहरी और राजभवन की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रास्ता सीमित होने के कारण यहां भी जाम की स्थिति बन रही है। करीब दो मिनट में पूरी होने वाली दूरी तय करने में लोगों को 15 से 20 मिनट तक लग रहे हैं।

प्रशासन के अनुसार, छात्र आंदोलन और विभिन्न धरना-प्रदर्शनों को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। इसी के तहत कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के अनुसार, लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग को समय-समय पर खोला भी जाता है। प्रशासन का प्रयास है कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात को भी सामान्य रखा जाए। हालांकि, लगातार लग रहे जाम से आम लोगों की परेशानी साफ दिखाई दे रही है। लोगों की मांग है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, जिससे प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बाधित न हो और मरीजों, छात्रों, कर्मचारियों तथा यात्रियों को बेवजह जाम में न फंसना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *