राजधानी रांची के चटकपुर शांति नगर पोखर टोला से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह एक किराए के मकान में 32 वर्षीय पिंकी देवी और उनके ढाई साल के बेटे श्रवण कुमार का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, पिंकी की 15 वर्षीय ननद चंदा कुमारी और चार साल की बेटी प्राची कुमारी गंभीर हालत में मिलीं। दोनों को पहले सेवा सदन अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पति की पहले हो चुकी थी मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ मृतका पिंकी देवी मूल रूप से बिहार के छपरा जिले की रहने वाली थीं। उनके पति का पहले ही निधन हो चुका था। पति की मौत के बाद पिंकी अपने बच्चों और परिवार के साथ रांची के चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में धन्नू यादव के मकान में पिछले करीब ढाई साल से किराए पर रह रही थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी। पिंकी एक कपड़े की दुकान में काम कर अपने परिवार का खर्च चलाती थीं। उनके ससुर पंचम साहू टोटो चलाकर घर का पालन-पोषण करते हैं, जबकि सास मुन्नी देवी मजदूरी कर परिवार की मदद करती हैं। सुबह नहीं खुला दरवाजा, अंदर का मंजर देख दहल गए लोग शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद लोगों ने मकान की एस्बेस्टस की चादर हटाकर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग सन्न रह गए। पिंकी देवी और उनके छोटे बेटे श्रवण कुमार की मौत हो चुकी थी, जबकि चंदा कुमारी और प्राची कुमारी बेहोशी की हालत में पड़ी थीं। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि जिस छोटे कमरे में पूरा परिवार सो रहा था, उसी कमरे में खाना बनाने के लिए कोयले का चूल्हा भी रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि रात के समय चूल्हे से निकले धुएं और कार्बन मोनोऑक्साइड गैस की वजह से कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो गई और सभी लोगों का दम घुटने लगा। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे दम घुटने से हुई घटना मान रही पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। साथ ही आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पड़ोसी और स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। Post navigation धाक जमाने के चक्कर में ले ली जान! रविन्द्र मुंडा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार