पिछले 20 दिनों से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस अस्पताल ले गई। पुलिस का कहना है कि उनकी लगातार बिगड़ती सेहत को देखते हुए यह कदम उठाया गया। फिलहाल उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी स्वास्थ्य रिपोर्ट में बताया गया है कि लंबे समय तक भोजन नहीं करने और शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) की वजह से सोनम वांगचुक काफी कमजोर हो गए हैं। हालांकि फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई गई है। डॉक्टरों का कहना है कि उनके शरीर के जरूरी पैरामीटर सामान्य करने के लिए इलाज और लगातार मेडिकल निगरानी जरूरी है। हाईकोर्ट के आदेश पर एक्शन, पुलिस ने सोनम वांगचुक को अस्पताल पहुंचाया शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की टीम जंतर-मंतर पहुंची और सोनम वांगचुक को अस्पताल लेकर गई। इस दौरान वहां मौजूद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी भी की। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश और डॉक्टरों की सलाह के आधार पर की गई है। पुलिस का कहना है कि वांगचुक की जान बचाने के लिए समय पर अस्पताल में भर्ती कराना जरूरी था। कुछ दिन पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने भी इस मामले में अहम निर्देश दिए थे। अदालत ने कहा था कि सोनम वांगचुक की रोज सरकारी डॉक्टरों से स्वास्थ्य जांच कराई जाए और उनकी जान की सुरक्षा के लिए हर जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। कोर्ट ने यह भी कहा था कि यदि उनकी तबीयत और बिगड़ती है, तो तुरंत उचित कदम उठाए जाएं। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई नोकझोंक, अस्पताल पहुंचने के बाद भी सोनम वांगचुक पर नजर दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि अस्पताल ले जाने के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की, जिससे कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना। हालांकि पुलिस ने संयम से काम लिया और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी कराई। वहीं, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रमुख अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और कुछ समय के लिए हिरासत में भी लिया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद अभिजीत दीपके खुद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उधर, सोनम वांगचुक के अस्पताल पहुंचने के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की नजर बनी हुई है, जबकि डॉक्टरों की टीम लगातार सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। Post navigation 9 किलो वजन कम, स्वास्थ्य पर संकट? सोनम वांगचुक पर हर पल नजर