G-6J2VDTQNQL

रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में हुए चर्चित रविन्द्र मुंडा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हत्या के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकास मुंडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां भी बरामद की हैं। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी घटना पुलिस को बता दी है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या अचानक हुई थी या इसके पीछे पहले से कोई साजिश थी।

9 जुलाई को हुई थी हत्या

यह घटना 9 जुलाई की है। बेड़ो थाना क्षेत्र के मधुपुर अखड़ा के पास घाघरा बरटोली निवासी 26 वर्षीय रविन्द्र मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी की निगरानी में बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनाई गई। टीम ने लगातार छापेमारी, तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई।

हवाई फायरिंग से शुरू हुआ विवाद, चली गोली

पुलिस पूछताछ में आरोपी विकास मुंडा ने बताया कि वह इलाके में अपनी धाक जमाने और लोगों में डर पैदा करने के लिए हवाई फायरिंग करना चाहता था। इसी दौरान रविन्द्र मुंडा ने उसे ऐसा करने से रोका। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आरोपी ने रविन्द्र मुंडा पर गोली चला दी। गोली लगते ही रविन्द्र मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को उस स्थान पर लेकर गई, जहां उसने हथियार छिपाकर रखा था। वहां से हत्या में इस्तेमाल की गई एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर 220 और होंडा शाइन मोटरसाइकिल पहले ही जब्त की जा चुकी हैं। इस हत्याकांड में शामिल विकास महतो और विजय मुंडा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकास मुंडा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ 2017 में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा 2023 में एक हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। अब पुलिस उसके पुराने मामलों की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या केवल अचानक हुए विवाद का नतीजा थी या इसके पीछे पहले से कोई योजना बनाई गई थी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *