G-6J2VDTQNQL

रांची के रहने वाले डॉक्टर शशि दिनकर मिंज की दुमका जिले के मसानजोर स्थित सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव कमरे से मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मसानजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, डॉ. शशि दिनकर मिंज शुक्रवार रात अपने तीन दोस्तों सुनील कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और नीरज कुमार के साथ निरीक्षण भवन में ठहरे थे। बताया जा रहा है कि रात में सभी दोस्तों ने साथ बैठकर खाना खाया और शराब पार्टी की। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।

सुबह कमरे में मिला डॉक्टर का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

शनिवार सुबह जब काफी देर तक डॉ. मिंज कमरे से बाहर नहीं निकले तो उनके दोस्त उन्हें जगाने पहुंचे। दरवाजा खोलने पर देखा कि उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि उनकी मौत किन कारणों से हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। तब तक मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मृतक डॉक्टर शशि दिनकर मिंज रांची के बरियातू इलाके के रहने वाले थे। वे वर्तमान में हजारीबाग सदर अस्पताल में चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे। उनकी पत्नी भी डॉक्टर हैं और जमशेदपुर में सेवा दे रही हैं। परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं। डॉक्टर की अचानक मौत की खबर से परिवार और उनके परिचितों में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *