G-6J2VDTQNQL

जिले के खूंटी थाना क्षेत्र स्थित घाघरा पुल के पास शुक्रवार सुबह एक युवक और एक युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। दोहरे हत्याकांड की इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

बेरहमी से की गई हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। शवों पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे वार के निशान मिले हैं। इतना ही नहीं, अपराधियों ने दोनों के सिर को भारी पत्थरों से कुचल दिया, जिससे उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया है। घटना की भयावह स्थिति देखकर स्थानीय लोग भी दहशत में आ गए। सुबह जब लोगों की नजर शवों पर पड़ी तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही खूंटी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। खूंटी के डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता दोनों मृतकों की पहचान करना है। पहचान होने के बाद ही हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

हत्या कहीं और, शव यहां फेंके गए?

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या घाघरा पुल के पास ही की गई है या फिर किसी दूसरी जगह वारदात को अंजाम देकर शव यहां लाकर फेंक दिए गए हैं। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर संभव साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की भी मदद ले रही है। घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि अपराधियों तक जल्द पहुंचा जा सके। इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इलाके में नियमित पुलिस गश्त होती, तो शायद ऐसी घटना को रोका जा सकता था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मृतकों की पहचान कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *