G-6J2VDTQNQL

पश्चिम बंगाल की राजनीति में 9 मई 2026 का दिन ऐतिहासिक बन गया। आजादी के बाद पहली बार राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में हजारों कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के कई बड़े नेता मंच पर मौजूद रहे। शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दृश्य ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारे लगाए।

पांच नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ भाजपा के पांच विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तिनिया, खुदीराम टुडू और निशिथ घोष शामिल हैं। भाजपा के इस मेगा शपथ ग्रहण समारोह में देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। खास तौर पर राजस्थान से कई बड़े नेता कोलकाता पहुंचे। समारोह में भजनलाल शर्मा, प्रेम चंद बैरवा, दिया कुमारी और राजेंद्र राठौड़ मौजूद रहे।

माखनलाल सरकार का प्रधानमंत्री ने किया सम्मान

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के भाजपा के वरिष्ठतम कार्यकर्ताओं में से एक माखनलाल सरकार का अभिनंदन किया और उनसे आशीर्वाद लिया। बताया गया कि वर्ष 1952 में भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान माखनलाल सरकार, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में मौजूद थे। उस समय उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। 98 वर्ष की आयु में भी माखनलाल सरकार राष्ट्रवादी विचारधारा और जन आंदोलनों से जुड़े वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा उनका सम्मान किए जाने के बाद समारोह में मौजूद लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने को राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। लंबे समय तक अलग-अलग दलों के शासन के बाद पहली बार भाजपा सत्ता में आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बदलाव आने वाले समय में राज्य की राजनीति को नई दिशा दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *