G-6J2VDTQNQL

रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन होना है। मैच को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस बड़े आयोजन में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था को लेकर सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में हुई बैठक में मैच के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए अलग-अलग बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ जेएससीए के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मैच के दिन संभावित भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए। स्टेडियम परिसर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि मैच के दौरान दर्शकों को आने-जाने में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। बैठक में बताया गया कि दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। प्रशासन ने खास तौर पर निर्देश दिया है कि प्रवेश शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले दर्शकों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से जमा नहीं होने दिया जाए। इसका उद्देश्य स्टेडियम के आसपास भीड़ को नियंत्रित रखना और किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति बनने से रोकना है।दर्शकों को निर्धारित गेटों से ही स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए सभी गेटों पर कतार की व्यवस्था रहेगी। जिला प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे इंट्री गेट खुलने से पहले स्टेडियम पहुंचकर निर्धारित स्थान पर कतार में लगें। इससे प्रवेश प्रक्रिया आसान होगी और दर्शकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

प्रशासन ने दर्शकों से यह भी अपील की है कि वे स्टेडियम में किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को लेकर न आएं। सुरक्षा जांच में सहयोग करने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। मैच के दिन शहर में बड़ी संख्या में वाहनों के आने की संभावना को देखते हुए पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने को कहा गया है। बैठक में अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का उद्देश्य है कि मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे, दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक (शहर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस अधिकारी आस्था शरण सहित जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि सभी विभागों के बेहतर समन्वय से भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय मुकाबला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न होगा। साथ ही, रांची की मेजबानी और आयोजन व्यवस्था से शहर की छवि को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *