दीपावली और महापर्व छठ को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की टीम ने बिरसा चौक और धुर्वा क्षेत्र में ठेला-खोमचा, होटल, रेस्टोरेंट और खुदरा खाद्य दुकानों की जांच की। इस दौरान 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। दो दुकानों से 50 किलो अमानक पनीर जब्त जांच के दौरान दो दुकानों में करीब 50 किलोग्राम अमानक पनीर पाया गया। पनीर की गुणवत्ता पर संदेह होने के बाद टीम ने उसे जब्त कर लिया। संबंधित कारोबारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानदारों और कर्मचारियों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। कर्मचारियों को साफ कपड़े पहनने के साथ भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान दस्ताने व हेड गियर का इस्तेमाल करने को कहा गया। सुरक्षित पानी और खाद्य सामग्री रखने की हिदायत अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की तैयारी, धुलाई और अन्य कार्यों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का इस्तेमाल करने को कहा। खाद्य सामग्री को धूल, मक्खियों, कीट-पतंगों और अन्य बाहरी दूषित तत्वों से बचाकर रखने की हिदायत दी गई। खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने का भी निर्देश दिया गया। टीम ने बर्तनों और उपकरणों की नियमित सफाई, कचरा प्रबंधन और कीट नियंत्रण की व्यवस्था भी जांची। कारोबारियों को कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थ अलग-अलग रखने, खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने और खाद्य सामग्री को उचित तापमान पर रखने का निर्देश दिया गया। खाद्य विभाग ने त्योहारों के दौरान मिलावट रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है। Post navigation हेमंत सोरेन को जेसोवा का न्योता, 29 अक्टूबर से मोरहाबादी में सजेगा भव्य दीवाली मेला रात 11 से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे ट्रेन के मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट