भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बुधवार, 5 अगस्त 2026 को रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। सूची जारी होने के बाद बड़ी संख्या में मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्र पहुंचे और मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों का नाम जांचा। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है या किसी प्रकार की गलती है, तो तय समय के भीतर आवेदन देकर उसे ठीक कराया जा सकता है। 4 सितंबर तक कर सकेंगे दावा और आपत्ति प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के साथ ही दावा और आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसके लिए 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान लोग अपना नाम जुड़वाने, गलत जानकारी ठीक कराने, मतदान केंद्र बदलने या किसी अपात्र व्यक्ति का नाम हटाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इन फॉर्मों के जरिए कर सकते हैं आवेदन यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकता है। यदि नाम, पता, फोटो या अन्य जानकारी में सुधार कराना है या मतदान केंद्र बदलना है, तो फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। यदि किसी मृत, दूसरे स्थान पर चले गए या किसी अन्य कारण से अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाना है, तो फॉर्म-7 भरकर आवेदन किया जा सकता है। कौन कर सकता है आवेदन? जो नागरिक 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, वे पहली बार मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा पहले से पंजीकृत मतदाता भी अपनी जानकारी में सुधार या अन्य जरूरी बदलाव के लिए आवेदन दे सकते हैं। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों सुविधाएं उपलब्ध मतदाता अपने आवेदन संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) या जिला निर्वाचन कार्यालय, रांची में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा घर बैठे www.voters.eci.gov.in वेबसाइट और ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। लोगों से अपील रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें। यदि किसी प्रकार की गलती हो या नाम छूट गया हो, तो समय रहते आवेदन करें। इससे अंतिम मतदाता सूची अधिक शुद्ध, सही और त्रुटिरहित तैयार की जा सकेगी। Post navigation JPSC और JSSC भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन, 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकाला मार्च