G-6J2VDTQNQL

झारखंड के रामगढ़ जिले के चुटुपालू घाटी में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक बेकाबू हो गया और करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर दौड़ते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

कार,बाइक और बस को मारी टक्कर, 15 से 20 लोग घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेकाबू ट्रेलर की चपेट में चार चारपहिया वाहन, तीन दोपहिया वाहन और एक यात्री बस आ गई। ट्रेलर ने एक के बाद एक कई वाहनों को जोरदार टक्कर मारी, जिससे कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के समय सड़क पर चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस हादसे में करीब 15 से 20 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में घायलों का उपचार किया जा रहा है। बस में सवार यात्रियों ने बताया कि ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सीधे बस से टकरा गया। इसके बाद पीछे से आ रहे कई वाहन भी उसकी चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में सड़क पर कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और हादसे का दृश्य बेहद भयावह हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम किया जा रहा है ताकि यातायात सामान्य हो सके। फिलहाल इस हादसे में किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्रेलर के बेकाबू होने की वजह क्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *