G-6J2VDTQNQL

रांची में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई सहायक उत्पाद आयुक्त उमाशंकर सिंह के निर्देश पर की गई। उत्पाद विभाग की टीम ने रांची के नगड़ी, धुर्वा और रातू इलाके में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने 950 पेटी से अधिक अवैध विदेशी शराब बरामद की। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह नकली शराब थी, जिसे रांची के ग्रामीण और आसपास के इलाकों में बेचने की तैयारी की जा रही थी।

एक तस्कर गिरफ्तार, लाखों की शराब बरामद

कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी से जुड़े राहुल नायक नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शराब की सप्लाई में इस्तेमाल किए जा रहे एक कार और दो पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया। जानकारी के अनुसार, यह शराब दूसरे जिले से रांची लाई गई थी। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़े पैमाने पर अवैध शराब की खेप शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचाने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद विभाग ने तुरंत योजना बनाकर अलग-अलग इलाकों में एक साथ छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त की गई शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि इस कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब कहां से लाई गई थी। उत्पाद विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा ताकि नकली और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाई जा सके। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *