राहुल गोराई का सड़क किनारे मिला शव, धारदार हथियार से हमला कर हत्या की आशंका; अपराधियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में एक होटल मैनेजर की हत्या के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। होटल में मैनेजर के पद पर काम करने वाले राहुल गोराई की हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह उसका शव सड़क किनारे मिला। बताया जा रहा है कि होटल में काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। राहुल की हत्या की खबर मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने पिठोरिया चौक पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। सड़क जाम के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो दोस्तों ने शुरू की तलाश राहुल के दोस्त ने बताया कि होटल में काम खत्म करने के बाद राहुल घर जाने के लिए निकला था। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन और दोस्त परेशान हो गए। दोस्तों ने उसे फोन किया। बातचीत के दौरान राहुल ने बताया था कि वह बाहर है। इसके बाद दोबारा उससे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। जब काफी देर तक राहुल का पता नहीं चला तो दोस्तों ने खुद उसकी तलाश शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान उन्हें सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि शव राहुल गोराई का है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जांच में जुटी, लोगों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हत्या के पीछे की वजह और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहेगी। फिलहाल पुलिस की जांच और प्रदर्शनकारियों की मांगों के बीच पिठोरिया चौक पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। Post navigation सुबह 4 बजे गोलियों से गूंज उठा रांची का प्रेम नगर, कोयला कारोबारी संजय करमाली के घर अपराधियों ने की फायरिंग