झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जेसोवा की ओर से आयोजित होने वाले पांच दिवसीय दीवाली मेले में सपरिवार शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया। जेसोवा की ओर से यह मेला 29 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक मोरहाबादी मैदान में आयोजित किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को मेले की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी जानकारी भी दी। 300 से ज्यादा स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले इस मेले का उद्देश्य कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देना है। मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से उद्यमी और हस्तशिल्पी शामिल होंगे। इसके अलावा ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी उत्पाद भी मेले में बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। मेले में 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें पारंपरिक कपड़े, फैशन एक्सेसरीज, हस्तशिल्प और विभिन्न तरह के सजावटी सामान लोगों के लिए उपलब्ध होंगे। जेसोवा के सामाजिक कार्यों की भी दी जानकारी मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जेसोवा की ओर से राज्य में किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कल्याण और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी भी दी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि संस्था सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रमों और गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेती है। मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में जेसोवा की प्रेसिडेंट प्रीति कुमारी, वाइस प्रेसिडेंट अनीता सिंह, सेक्रेटरी मनु झा, ज्वाइंट सेक्रेटरी श्वेता शुक्ला, ट्रेजरर शिवानी सिंह तथा कार्यकारिणी समिति की सदस्य रंजना कुमार और दिव्या श्री शामिल रहीं। Post navigation रांची के कई इलाकों में आज बिजली कटौती, 4 से 6 घंटे तक प्रभावित रहेगी सप्लाई