G-6J2VDTQNQL

अरगोड़ा थाना क्षेत्र के दीपाटोली में बीती रात करीब दो बजे ब्लिंकिट के डिलीवरी कर्मचारी शंकर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर आजसू छात्र संघ ने नाराजगी जताई है। संगठन ने ब्लिंकिट कंपनी के प्रबंधन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और कर्मचारी का पक्ष सुनने की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, शंकर को ब्लिंकिट के माध्यम से एक ऑर्डर मिला था। वह ऑर्डर का सामान लेकर ग्राहक के घर पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान ग्राहक ने ऑर्डर रद्द कर दिया। बताया जा रहा है कि इस बीच शंकर का मोबाइल फोन बंद हो गया था। इस कारण उन्हें समय पर ऑर्डर रद्द होने की जानकारी नहीं मिल सकी। अनजान होने के कारण वह सामान लेकर ग्राहक के घर पहुंच गए। आरोप है कि ग्राहक के घर पहुंचने के बाद शंकर के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें धमकी भी दी गई। बताया जा रहा है कि शंकर ने अपनी ओर से पैसे खर्च कर सामान की भरपाई की और सामान कंपनी को वापस कर दिया। इसके बावजूद कंपनी ने उनकी डिलीवरी आईडी ब्लॉक कर दी। इससे उनके काम और कमाई पर असर पड़ने की आशंका है। इस मामले में शंकर के खिलाफ केस दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं और दोनों पक्षों के दावों की पुष्टि होना अभी बाकी है। आजसू छात्र संघ ने कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि किसी भी कार्रवाई से पहले पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। संगठन का कहना है कि कर्मचारी का पक्ष भी सुना जाना चाहिए, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। साथ ही, मामले में यदि किसी के साथ गलत हुआ है, तो तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *