G-6J2VDTQNQL

रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच अंतरराष्ट्रीय T20 क्रिकेट मैच खेला जाएगा। मैच को लेकर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट और पार्किंग को लेकर विशेष व्यवस्था की है। मैच के दिन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक कई प्रमुख रास्तों पर भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इन वाहनों को रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा सामान्य नो-इंट्री व्यवस्था पहले की तरह लागू रहेगी।

मैच के दिन शालीमार चौक से जेएससीए स्टेडियम के नॉर्थ गेट तक सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, आपात स्थिति में एंबुलेंस और चिकित्सा सेवा से जुड़े वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मेकॉन चौक, एजी मोड़, पीएस मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक के बीच छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, ऑटो, टोटो और अन्य सवारी वाहनों के परिचालन पर सुबह 6 बजे से मैच खत्म होने तक रोक रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर मैच के दौरान किसी अन्य सड़क पर भी कुछ समय के लिए रूट डायवर्ट किया जा सकता है या वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है।

साउथ गेट और साउथ-ईस्ट गेट के टिकटधारक धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम और मियां मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान पहुंचकर अपने वाहन पार्क कर सकते हैं। वहां पार्किंग भर जाने पर डीएवी स्कूल, जवाहर स्टेडियम और संत थॉमस स्कूल की पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकेगा। वाहन पार्क करने के बाद दर्शकों को पैदल स्टेडियम जाना होगा।

वेस्ट गेट के टिकटधारक धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक, धुर्वा बस स्टैंड या सैम्बो कैंप मोड़ होते हुए सुखआ मैदान की पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकते हैं। प्रभात तारा मैदान की पार्किंग भर जाने की स्थिति में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की पार्किंग का विकल्प भी रहेगा।

नया सराय और रिंग रोड की तरफ से आने वाले दर्शक हाईकोर्ट के सामने हेलीपैड मैदान में वाहन पार्क कर सकते हैं। यहां से तिरिल मोड़ और जेएससीए नॉर्थ गेट होते हुए पैदल स्टेडियम पहुंचा जा सकेगा।

VIP और VVIP वाहन पास वाले वाहनों के लिए अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए क्रिकेट स्टेडियम के नॉर्थ गेट के बगल में बने VIP/VVIP प्रवेश मार्ग से स्टेडियम में प्रवेश कर सकेंगे। इन वाहनों के लिए नॉर्थ गेट के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

दर्शकों के लिए सखुआ बागान के पास, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, डीएवी स्कूल मैदान, जवाहरलाल स्टेडियम, मियां मार्केट तीनमुहाना, संत थॉमस स्कूल, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलीपैड मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।मैच खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में दर्शकों के एक साथ निकलने से शालीमार बाजार, मौसीबाड़ी गोलचक्कर, एचईसी गेट, बिरसा चौक, हिनू चौक, राजेंद्र चौक, बिग बाजार और सुजाता चौक की ओर जाने वाली सड़कों पर भारी यातायात दबाव बनने की संभावना है।ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मैच खत्म होने के बाद इन प्रमुख मार्गों के बजाय उपलब्ध वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। इससे ट्रैफिक जाम से बचने में मदद मिलेगी और लोग अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकेंगे। मैच देखने आने वाले दर्शकों से अपील की गई है कि वे अपने टिकट पर दिए गए गेट के अनुसार निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। इससे मैच के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *