रामगढ़ घाटी में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। आंध्र प्रदेश से मछली लेकर बिहार के औरंगाबाद जा रहा एक ट्रेलर ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क से दूर जाकर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंध्र प्रदेश से मछली लेकर औरंगाबाद की ओर जा रहा था वाहन जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या AP 39X 2789 में बड़ी मात्रा में मछली लदी हुई थी। वाहन आंध्र प्रदेश से मछली लेकर औरंगाबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान रगड़ घाटी में अचानक ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन तेज ढलान और रफ्तार के कारण वह ट्रेलर पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद ट्रेलर सड़क से करीब 300 मीटर दूर जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे में ट्रेलर में लदी बड़ी मात्रा में मछली भी खराब हो गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस दुर्घटना में मछली व्यवसायी को करीब 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हादसे के बाद ट्रेलर को हटाने और दुर्घटना की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में ट्रेलर का ब्रेक फेल होना हादसे की वजह बताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के पीछे की पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। Post navigation बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर हमला, बोले- व्यवस्था सुधारें और जनता का भरोसा कायम करें