रांची के कांके थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बुकरू चौक के पास तेज रफ्तार पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़ी एक स्कूल बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय बस में स्कूली बच्चे मौजूद थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे एक बच्चे को हल्की चोट आई, जबकि बाकी बच्चे सुरक्षित बच गए। सुबह करीब सात बजे की है घटना बताया जा रहा है कि घटना सोमवार सुबह करीब सात बजे की है। बच्चे स्कूल जाने के लिए बस में सवार थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वैन अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस से जा टकराई। अचानक हुई जोरदार टक्कर से बस में बैठे बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। एक बच्चे को हल्की चोट आने की बात सामने आई है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी अन्य बच्चे को गंभीर चोट नहीं लगी। स्थानीय लोगों की तत्परता से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि बुकरू चौक और आसपास के इलाके में अक्सर वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं। इससे यहां हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन से कई बार सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की गई है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल जाने के समय इस इलाके में बच्चों और अन्य लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण जरूरी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर लगाने और सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। Post navigation हिनू में HDFC बैंक की इमारत में आग, इलाके में मचा हड़कंप रांची – भारत वेस्टइंडीज T20 के टिकट के लिए सुबह से लगी कतार, काउंटर पर उमड़ी क्रिकेट प्रेमियों की भीड़