G-6J2VDTQNQL

रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर काला रंग पोतने और उस पर अमर्यादित शब्द लिखने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई गई और किशोर तक पहुंचने में सफलता मिली। यह मामला हरमू हाउसिंग कॉलोनी निवासी इन्द्रजीत कुमार यादव के लिखित आवेदन के आधार पर दर्ज किया गया था। आवेदन में अज्ञात व्यक्ति पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर काला रंग पोतने और प्रतिमा पर अमर्यादित शब्द लिखने का आरोप लगाया गया था। आवेदन के आधार पर अरगोड़ा थाना में 28 सितंबर 2026 को कांड संख्या 259/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 324(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस उपाधीक्षक हटिया के निर्देशन में अरगोड़ा थाना पुलिस और तकनीकी शाखा की टीम ने मामले की तेजी से जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान मामले में संलिप्त विधि-विरुद्ध किशोर की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे निरुद्ध किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर घटना में इस्तेमाल किए गए सामान को भी बरामद किया गया। पुलिस ने विधि-विरुद्ध किशोर के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया एक ब्लैक स्प्रे का डिब्बा बरामद किया है। इसके अलावा एक आईफोन मोबाइल भी जब्त किया गया है। पुलिस इन सामानों को मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, विधि-विरुद्ध किशोर को 29 सितंबर 2026 को विधिवत निरुद्ध किया गया। इसके बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किए जाने के लिए भेज दिया गया।

मामले के त्वरित अनुसंधान और उद्भेदन में अरगोड़ा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक के साथ पुलिस अवर निरीक्षक आनंद कुमार साह, सहायक अवर निरीक्षक दिलीप सिन्हा और सहायक अवर निरीक्षक श्रवण कुमार शामिल रहे। इसके अलावा रांची की तकनीकी शाखा और अरगोड़ा थाना के रिजर्व गार्ड ने भी जांच में सहयोग किया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। बरामद मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच के आधार पर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *