मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची को देश के प्रमुख IT और तकनीकी केंद्रों में विकसित करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में उन्होंने RMZ Infrastructure के प्रेसिडेंट दीपक छाबड़िया से मुलाकात की। बैठक में रांची में अत्याधुनिक IT Park विकसित करने, Global Capability Centre (GCC) स्थापित करने और तकनीकी एवं औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बैठक में झारखंड को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने और राज्य में आधुनिक IT इकोसिस्टम विकसित करने पर जोर दिया। IT के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, न्यूक्लियर एनर्जी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। 2029 तक IT Park, चरणबद्ध तरीके से 75 हजार रोजगार का लक्ष्य प्रस्तावित योजना के तहत वर्ष 2029 तक रांची में IT Park शुरू करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके पहले चरण में करीब 20 हजार रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य है। इसके बाद अगले तीन वर्षों में इसकी क्षमता बढ़ाकर करीब 75 हजार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है। इस योजना का उद्देश्य झारखंड के स्थानीय और प्रतिभाशाली युवाओं को IT, तकनीक और उच्च कौशल वाले क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। इससे रांची में तकनीकी कंपनियों के लिए बेहतर माहौल तैयार होने और राज्य में IT सेक्टर के विस्तार की संभावना है। IT Park के लिए IIM रांची, नए विधानसभा परिसर और हाईकोर्ट परिसर के आसपास उपलब्ध करीब 100 एकड़ जमीन को संभावित स्थल के रूप में विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। यहां आधुनिक कार्यालयों के साथ डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी कंपनियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की परिकल्पना है। हेमंत सोरेन ने IT और AI के साथ GCC पर दिया जोर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने Global Capability Centre यानी GCC की संभावनाओं पर भी जोर दिया। GCC के माध्यम से वैश्विक कंपनियां IT, AI, डिजिटल तकनीक, रिसर्च और अन्य उच्च-कौशल वाले कामों का संचालन कर सकती हैं। झारखंड में GCC स्थापित होने से तकनीकी निवेश के साथ उच्च कौशल वाली नौकरियों के अवसर बढ़ने की संभावना है। सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, न्यूक्लियर एनर्जी और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में भी निवेश को बढ़ावा मिल सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को भविष्य की तकनीकों और नई औद्योगिक संभावनाओं से जोड़ते हुए मजबूत और आधुनिक IT इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश आकर्षित करने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उच्च कौशल आधारित अवसर पैदा करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बेंगलुरु के IT मॉडल का अध्ययन करेगा झारखंड मुख्यमंत्री के निर्देश पर सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग का एक प्रतिनिधिमंडल अक्टूबर में बेंगलुरु का दौरा कर सकता है। वहां टीम IT Park, तकनीकी इकोसिस्टम और Global Capability Centre मॉडल का अध्ययन करेगी। प्रतिनिधिमंडल वहां IT इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश व्यवस्था और कंपनियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी लेगा। इसके आधार पर झारखंड में IT Park और तकनीकी इकोसिस्टम विकसित करने के लिए आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। रांची को IT और इनोवेशन का केंद्र बनाने की तैयारी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि रांची को IT, innovation और emerging technologies का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए उद्योग जगत के साथ मिलकर काम करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि झारखंड के प्रतिभाशाली युवाओं और उपलब्ध संसाधनों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर राज्य को नई अर्थव्यवस्था के अनुरूप तैयार किया जाएगा। RMZ Infrastructure की ओर से भी झारखंड में अत्याधुनिक IT Park, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में रुचि व्यक्त की गई। बैठक में राज्य में तकनीकी और औद्योगिक निवेश की संभावनाओं तथा संभावित सहयोग पर चर्चा हुई। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव पूजा सिंघल और झारखंड स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर (JSAC) की निदेशक माधवी मिश्रा मौजूद रहीं। Post navigation भारत-वेस्टइंडीज टी-20 से पहले रांची में हाई लेवल तैयारी, 3 बजे खुलेगा स्टेडियम का गेट – भीड़ और ट्रैफिक पर खास नजर