यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की जलकर मौत यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से महोबा जा रही बिहार नंबर की स्लीपर डबल डेकर बस में दयानतपुर गांव के पास अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बस से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। इस हादसे में 9 यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। आग लगते ही मची अफरातफरी, नौ यात्रियों की मौत बताया गया कि बस ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। दयानतपुर गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। बस से धुआं और ऊंची लपटें उठती देखकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने स्थिति को देखते हुए बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। इसके बाद कई यात्रियों ने बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर भी बाहर निकलने की कोशिश की। हालांकि, आग बहुत तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्री बस के अंदर ही फंस गए। करीब 20 मिनट तक रोक दिया गया यातायात हादसे में 9 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई। बताया गया है कि मृतकों में महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांग बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में घायलों का इलाज किया जा रहा है। बस में आग लगने की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की निजी सुरक्षा टीम, पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए। आग की गंभीरता को देखते हुए करीब चार से पांच फायर टेंडर और पानी के टैंकर मौके पर बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग की लपटें काफी ऊंची थीं और एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले दूसरे वाहन भी प्रभावित हो सकते थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करीब 20 मिनट तक यातायात रोक दिया गया। आग पर नियंत्रण पाने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और टोल कर्मचारियों के अनुसार, बस में आग लगने के बाद उसमें से बार-बार पटाखे फूटने जैसी आवाजें सुनाई दे रही थीं। आग कुछ ही देर में पूरी बस में फैल गई और देखते ही देखते डबल डेकर बस धू-धूकर जलने लगी। हालांकि, बस में आग आखिर किस वजह से लगी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आग लगने के कारणों के साथ-साथ हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। Post navigation नवरात्रि से पहले ‘रेंट अ गरबा पार्टनर’ के विज्ञापनों से हड़कंप, अहमदाबाद पुलिस ने जारी की चेतावनी