G-6J2VDTQNQL

डुमरी विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के अध्यक्ष जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाना विवाद से जुड़े मामले में अग्रिम जमानत के लिए धनबाद सिविल कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। विधायक के साथ इस मामले में आरोपी तीन अन्य लोगों ने भी अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की है। इन आरोपियों में सुशील मंडल उर्फ सुशील कुमार, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल शामिल हैं। तीनों आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका को सोमवार को सुनवाई के लिए MP-MLA की विशेष अदालत में ट्रांसफर कर दिया गया। अब इस मामले पर विशेष अदालत में मंगलवार को सुनवाई होगी।

मामला धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र की बड़ा पिछरी पंचायत से जुड़ा है। पंचायत की मुखिया यशोदा देवी ने JLKM नेता गणेश दास पर गंभीर आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस 21 अगस्त को गणेश दास को नोटिस देने उनके घर पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस और गणेश दास के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप है कि मौके पर गाली-गलौज की स्थिति भी बनी। इसके बाद पुलिस ने गणेश दास को हिरासत में लिया और बाद में जेल भेज दिया।

गणेश दास की गिरफ्तारी के विरोध में 21 अगस्त को ही जयराम महतो बरवाअड्डा थाना पहुंचे थे। इसी दौरान थाना परिसर में विधायक और मुखिया के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद हाथापाई की स्थिति भी बन गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद पुलिस की ओर से दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गईं। पहली प्राथमिकी विवाद के बाद दर्ज की गई, जबकि दूसरी FIR थाना प्रभारी की शिकायत पर दर्ज हुई। दूसरी प्राथमिकी में विधायक जयराम महतो के अलावा 10 नामजद और 40 से 50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इन लोगों पर सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं।

इस पूरे विवाद के बीच जयराम महतो और थाना प्रभारी के बीच बातचीत का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जयराम महतो का आरोप है कि थाना प्रभारी ने बातचीत के ऑडियो को एडिट करके वायरल किया है। वहीं, मामले की कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट ने केस डायरी भी मांगी है। केस डायरी आने के बाद ही अग्रिम जमानत याचिका पर आगे की सुनवाई होगी। फिलहाल जयराम महतो और अन्य आरोपियों की अग्रिम जमानत पर MP-MLA की विशेष अदालत में मंगलवार को सुनवाई होनी है। अब सभी की नजर कोर्ट के फैसले पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *