बरियातू थाना क्षेत्र के मंडा बगीचा इलाके में रविवार देर रात शराब पार्टी के दौरान आपसी विवाद के बाद गोलीबारी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे कुछ युवक एक जगह पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि अचानक गोली चला दी गई। गोली लगने से टोनी लोहरा नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली टोनी के पेट में लगी है। वह मूल रूप से रातू थाना क्षेत्र के कमड़े का रहने वाला बताया जा रहा है। गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल टोनी लोहरा को इलाज के लिए रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। विवाद के बाद अचानक चली गोली, पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार देर रात मंडा बगीचा इलाके में कई युवक एकत्र होकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी बीच अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली टोनी लोहरा को जा लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे। हालांकि, तब तक गोली चलाने वाले युवक और उसके साथ मौजूद अन्य लोग वहां से फरार हो चुके थे। घायल युवक को मौके से उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर डीएसपी और बरियातू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किसने चलाई और विवाद की असली वजह क्या थी। पुलिस ने घटना में शामिल संदिग्ध युवकों की पहचान शुरू कर दी है। इसके साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद गोलीबारी में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों में बढ़ रही चिंता मंडा बगीचा इलाके के स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह क्षेत्र धीरे-धीरे असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है। लोगों के अनुसार, देर रात तक यहां युवकों का जमावड़ा लगा रहता है और कई बार शराब पीने जैसी गतिविधियां भी होती हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है। रविवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल है। फिलहाल बरियातू थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस फरार युवकों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार किसके पास था। घायल टोनी लोहरा की हालत गंभीर होने के कारण पुलिस उसके बयान का भी इंतजार कर रही है। Post navigation रिसालदार बाबा की मजार पर हेमंत सोरेन ने की चादरपोशी, राज्य की खुशहाली और अमन-चैन की मांगी दुआ नगड़ी में स्कॉर्पियो और टेंपो की जोरदार टक्कर, दो की हालत नाजुक