राजधानी रांची के अरगोड़ा इलाके में एक करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। माही रेस्टोरेंट के संचालक दिनेश कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उनसे एक करोड़ रुपये मांगे गए और रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। रेस्टोरेंट में आग लगाने की धमकी देने का भी आरोप है। दिनेश मिश्रा ने इस मामले में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। FIR में पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल, अनूप गर्ग और एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। रेस्टोरेंट में पहुंचे दो लोग, सात दिन का दिया समय? दिनेश मिश्रा के अनुसार, 19 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे वह अरगोड़ा स्थित अपने रेस्टोरेंट में बैठे थे। इसी दौरान रवि प्रकाश जायसवाल एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने कहा कि उन्हें अनूप गर्ग ने भेजा है। इसके बाद उनके बड़े भाई संजय मिश्रा द्वारा अनूप गर्ग के खिलाफ रांची जिला न्यायालय और दिल्ली हाईकोर्ट में दायर क्वैशिंग याचिका वापस लेने की बात कही गई। इसी बातचीत के दौरान कथित तौर पर दिनेश मिश्रा से एक करोड़ रुपये की मांग की गई। रेस्टोरेंट संचालक का आरोप है कि उन्हें सात दिनों के अंदर रकम देने को कहा गया। पैसे नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके अलावा रेस्टोरेंट में आग लगाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। दिनेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। अब पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है, ताकि घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों और बातचीत से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके। दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट का आरोप, चेन और पैसे छीनने का आरोप इधर, मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल ने भी दिनेश मिश्रा और अरविंद मिश्रा के खिलाफ अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। रवि प्रकाश का आरोप है कि उन्हें एक पुराने मामले में समझौते के लिए KFC के पास स्थित दुकान पर बुलाया गया था। उनके अनुसार, वहां पहुंचने के बाद दोनों ने केस में समझौता करने का दबाव बनाया। रवि प्रकाश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि समझौते से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। उन्होंने दावा किया कि इसी दौरान उनकी सोने की चेन और जेब में रखे 13 हजार रुपये निकाल लिए गए। रवि प्रकाश ने एक करोड़ रुपये के लेन-देन को लेकर तकादा करने और इसके बाद जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुराने विवाद से जुड़ा है मामला, पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच दोनों पक्षों की FIR सामने आने के बाद यह मामला केवल रंगदारी तक सीमित नहीं रह गया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। एक तरफ रेस्टोरेंट संचालक ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है, वहीं दूसरे पक्ष ने मारपीट, पैसे और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की शिकायत मिलने के बाद अरगोड़ा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज, शिकायतों में लगाए गए आरोपों और दोनों पक्षों के बीच चल रहे पुराने विवाद से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों को पुलिस जांच के दायरे में रखा गया है। Post navigation HEC को फिर मिलेगी नई रफ्तार? हेमंत सोरेन से केंद्रीय समिति ने की अहम चर्चा छात्रों पर लाठी-डंडे चलाना, छात्रों की आवाज दबाना लोकतंत्र पर हमला – बाबूलाल मरांडी