G-6J2VDTQNQL

झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा जोर-शोर से उठा। भाजपा ने सरकार के खिलाफ सदन के अंदर और बाहर प्रदर्शन किया और पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित तौर पर नौकरियां बेचे जाने के विरोध में झारखंड के छात्र पिछले दो सप्ताह से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र लगातार CBI जांच की मांग कर रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अब तक इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इसी चुप्पी के विरोध में भाजपा विधायकों ने विधानसभा के भीतर मास्क पहनकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि सरकार को छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष CBI जांच की अनुशंसा करनी चाहिए। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले भाजपा और एनडीए के विधायकों ने सदन के बाहर भी प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित सीट बेचने और धांधली के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए CBI जांच जरूरी है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब तक राज्य सरकार JPSC और JSSC में हुई कथित धांधली की CBI जांच की अनुशंसा नहीं करती, तब तक भाजपा का संघर्ष सदन से लेकर सड़क तक लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भाजपा उनके हक की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *