G-6J2VDTQNQL

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और झारखंड सरकार को घेरा है। इस मुद्दे को लेकर झारखंड भाजपा के सांसदों ने नई दिल्ली के मकर द्वार के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में छात्रों के मुद्दे पर आवाज उठाती है, लेकिन झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और अन्य भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों पर पूरी तरह चुप है।

दिल्ली में विरोध, झारखंड में चुप्पी क्यों?

आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में छात्रों के हितों की बात करती है, लेकिन झारखंड में भर्ती परीक्षा विवाद और पेपर लीक के मामलों पर कुछ नहीं बोलती। उन्होंने सवाल उठाया कि जब झारखंड में कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है, तब युवाओं से जुड़े गंभीर मामलों पर कांग्रेस के नेताओं की आवाज क्यों नहीं सुनाई देती। उन्होंने कहा कि उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ के दौरान 19 अभ्यर्थियों की मौत हुई थी। भाजपा की मांग है कि राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दे।

खड़गे, सोनिया और राहुल गांधी से झारखंड आने की मांग

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से झारखंड आने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को झारखंड की जनता के सामने आकर यह बताना चाहिए कि छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर उनका रुख अलग-अलग क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस दिल्ली में छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन करती है, लेकिन झारखंड में इसी तरह के मामलों पर चुप रहती है।

भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच की मांग दोहराई

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा लगातार मांग कर रही है कि हेमंत सोरेन सरकार के पिछले छह वर्षों के दौरान हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती सहित जिन भी परीक्षाओं में अनियमितता और पेपर लीक के आरोप लगे हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार की सीआईडी जांच पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि सीआईडी जांच से सच्चाई सामने आने की उम्मीद कम है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी शराब घोटाले जैसे मामलों में सीआईडी जांच प्रभावी नहीं रही। इसलिए भर्ती परीक्षा और पेपर लीक मामलों की जांच केवल सीबीआई से कराई जानी चाहिए।

हेमंत सरकार से समर्थन वापस लेने की मांग

आदित्य साहू ने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों और युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है तो उसे हेमंत सोरेन सरकार से अपना समर्थन वापस लेना चाहिए और मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी और इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी। दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों और नेताओं ने कई नारे लगाए। इनमें “हेमंत सोरेन इस्तीफा दो”, “युवाओं के भविष्य का सौदा बंद करो”, “कांग्रेस दोहरी राजनीति बंद करे”, “राहुल गांधी चुप्पी तोड़ो” जैसे नारे शामिल थे। इस प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा सांसद निशिकांत दुबे, बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, कालीचरण सिंह, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल भी मौजूद रहे।

अमित शाह से भी की मुलाकात

दिल्ली दौरे के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच झारखंड की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और संगठन से जुड़े कई विषयों पर चर्चा हुई। आदित्य साहू ने कहा कि गृह मंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *