G-6J2VDTQNQL

जमुआ के चर्चित नीरज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुभाष पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मृतक नीरज का होने वाला साढ़ू है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, स्कूटर, मोबाइल फोन और शराब की बोतल भी बरामद की है। एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने शनिवार को बताया कि नीरज के लापता होने के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान बिहार के जमुई जिले में नीरज का शव मिला। इसके बाद गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी सुभाष पासवान को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, जिस युवती से नीरज की शादी होने वाली थी, उसका अपने जीजा सुभाष पासवान के साथ पिछले करीब ढाई साल से प्रेम संबंध था। पूछताछ के दौरान युवती ने भी इस बात की पुष्टि की। उसने पुलिस को बताया कि सुभाष उससे शादी नहीं करने के लिए कहता था और उसने वादा किया था कि वह उसे अपने साथ रखेगा। पुलिस के मुताबिक, इसी प्रेम संबंध के कारण सुभाष ने नीरज को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और बताया कि उसने अकेले ही नीरज की हत्या की थी। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार, एक स्कूटर, एक मोबाइल फोन और शराब की बोतल बरामद की गई है। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *