मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को अपने दादा और अमर शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ पहुंचे। यहां आयोजित शहादत दिवस समारोह में उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। शहादत दिवस समारोह के साथ पारितोषिक वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले में करीब 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही अलग-अलग योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया। कार्यक्रम के दौरान शहीद सोबरन सोरेन के संघर्ष, बलिदान और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद किया गया। शहीदों के संघर्ष और बलिदान से मिली अलग झारखंड राज्य की प्रेरणा समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन का बलिदान झारखंड के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस शहादत दिवस को ऐतिहासिक पहचान दिलाने और आम लोगों तक पहुंचाने का काम दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने किया। सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ जिस संघर्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की गई थी, गुरुजी के नेतृत्व में वह आंदोलन फिर से आगे बढ़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और चांद-भैरव जैसे महानायकों की तरह शहीद सोबरन मांझी ने भी अन्याय और अत्याचार के खिलाफ साहस के साथ संघर्ष किया। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, उत्तरी और दक्षिणी छोटानागपुर से लेकर संथाल परगना तक शोषण के खिलाफ उठी छोटी-छोटी आवाजें आगे चलकर अलग झारखंड राज्य आंदोलन का आधार बनीं। उन्होंने युवा पीढ़ी से शहीदों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर उनके सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प लेने की अपील की। आदिवासी-मूलवासी समाज आज स्वाभिमान के साथ जी रहा है मुख्यमंत्री ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था, जब आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती सोच रखने वालों के सामने अपनी बात रखने से भी डरते थे। वे खुलकर बोल नहीं पाते थे और न ही अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा पाते थे। लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। अब राज्य के गरीब, आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग निडर होकर अपनी बात रखते हैं और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज में आए इस बदलाव के पीछे शहीद सोबरन मांझी जैसे आंदोलनकारियों का संघर्ष और बलिदान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य की मांग के समय कुछ लोग यह कहकर मजाक उड़ाते थे कि कम पढ़े-लिखे आदिवासी-मूलवासी अपना अलग राज्य कैसे चला पाएंगे। लेकिन आज उन्हीं शहीद परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान राज्य को आगे बढ़ाने और संवारने का काम कर रहा है। 50 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रही 2500 रुपये की सम्मान राशि मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के गांवों, सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों और शहरों में रहने वाले लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। महिला सशक्तिकरण को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य की करीब 50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। यह लाभ 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य माताओं और बहनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तो वे अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ गरीबी से बाहर निकलने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी। सरकार चाहती है कि महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हों और उन्हें दूसरों पर निर्भर न रहना पड़े। झारखंड अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा: मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में जनकल्याणकारी योजनाओं को चलाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए संसाधनों की जरूरत होती है। लेकिन राज्य को अपने संसाधन जुटाने के रास्ते में कई तरह की बाधाओं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के राजस्व के स्रोतों को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसी परिस्थितियों से घबराने वाली नहीं है। जिस तरह संघर्ष करके झारखंड अलग राज्य हासिल किया गया, उसी तरह अपने अधिकारों के लिए भी लड़ाई जारी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब झारखंड ऐसा राज्य नहीं है, जहां बाहर से आकर कोई यहां के लोगों का शोषण कर सके। सरकार की प्राथमिकता राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाना है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार शहादत दिवस का कार्यक्रम सादगी के साथ आयोजित किया गया है, लेकिन आने वाले वर्षों में इसे और अधिक भव्य और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा रामगढ़ जिले के अन्य जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने समारोह में भाग लिया। Post navigation कांके में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की कमेटी गठित, सहदेव सिंह मुंडा को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी